Home Blog Page 16

पाकिस्तान में पिकनिक से लौट रहे लोगों पर हुई अंधाधुंध फायरिंग, 7 की मौत; घायल हुआ एक शख्स

पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हिंसक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर यहां दिलदहला देने वाली वारदात हुई है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिकनिक से लौट रहे दोस्तों के एक समूह पर अज्ञात बंदूकधारियों ने घात लगाकर हमला किया है। इस हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और एक अन्य शख्स घायल हो गया है।

हमलावरों ने की ताबड़तोड़ गोलीबारी
पुलिस ने रविवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है। हमला पेशावर से लगभग 65 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में कोहाट जिले के उपनगरीय इलाके रेगी शिनो खेल में हुआ है। पुलिस ने बताया कि लोग टांडा बांध से अपने पैतृक गांव खरा घारी मुहम्मद जई लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की सहायता से बचाव दल के अधिकारियों ने शवों और घायलों को कोहाट जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। घायल व्यक्ति को बाद में विशेष उपचार के लिए पेशावर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने क्या कहा?
दिलदहला देने वाली इस घटना के बाद पुलिस ने बताया कि सभी मृतक दोस्त थे। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए है। हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हत्याओं के मकसद का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने अर्द्धसैनिक बल ‘फ्रंटियर कांस्टेबुलरी’ के 4 जवानों की हत्या कर दी थी। हमलावरों ने करक जिले के अमन कोट तोई इलाके में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी के एक वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें जवान मारे गए थे।

पहले भी हुए हैं हमले
खैबर पख्तूनख्वा में अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक लगातार देखने को मिल रहा है। हाल ही में अज्ञात बंदूकधारियों ने ‘फ्रंटियर कॉर्प्स’ के एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया था। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य घायल हो गया था। यह हमला बन्नू जिले में हुआ था।

रूस-यूक्रेन संघर्ष पर पुतिन का बयान: “शत्रुता जल्द शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो”

मास्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में हुई बातचीत के बाद कहा कि रूस यूक्रेन में शत्रुता को जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीकों से समाप्त करना चाहता है।
क्रेमलिन द्वारा शनिवार को जारी एक बयान के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में हुई बातचीत के बाद रूस के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक में कहा कि रूस अमेरिकी प्रशासन के रुख का सम्मान करता है, जो यूक्रेन में शत्रुता को जल्द समाप्त करने की आवश्यकता पर बल देता है।

पुतिन ने जोर देकर कहा कि रूस सभी मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीकों से हल करने की इच्छा रखता है।

उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में हुई बातचीत को समय पर और बहुत उपयोगी बताया। क्रेमलिन के बयान और समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुतिन ने कहा कि इस मुलाकात में रूस-अमेरिका सहयोग के लगभग सभी क्षेत्रों पर चर्चा हुई, जिसमें यूक्रेन संकट के निष्पक्ष समाधान की संभावना भी शामिल थी।

उन्होंने कहा कि ट्रंप के साथ बातचीत बहुत स्पष्ट रही और “हमें आवश्यक निर्णयों के करीब ले गई।”

पुतिन ने शुक्रवार को ट्रंप के साथ अलास्का शिखर सम्मेलन के दौरान कीव के साथ मास्को के युद्ध को समाप्त करने की शर्त के रूप में यूक्रेन को पूर्वी डोनेट्स्क क्षेत्र से हटने की मांग रखी।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने शनिवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं को फोन करके पुतिन की मांग से अवगत कराया। उन्होंने यूक्रेन और यूरोप से मास्को से युद्धविराम सुनिश्चित करने के प्रयासों को छोड़ने की अपील की।

रूस एक दशक से भी ज्यादा समय से डोनेट्स्क क्षेत्र पर आंशिक नियंत्रण रखता है। अगर पुतिन की मांग मान ली जाती है, तो उन्हें उस क्षेत्र पर नियंत्रण मिल जाएगा जहां पिछले साल नवंबर से युद्ध में उनकी सेनाओं ने सबसे ज्यादा बढ़त हासिल की है।

पुतिन ने ट्रंप को स्पष्ट कर दिया कि यूक्रेन संघर्ष के मूल कारणों को दूर करना उनकी मुख्य मांग है, जो अभी भी बरकरार है। पुतिन ने विशेष रूप से नाटो के पूर्वी विस्तार को समाप्त करने की मांग दोहराई, जिसका मतलब है कि यूक्रेन को नाटो गठबंधन में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

लेकिन अगर वह मूल कारणों को दूर करने के लिए संतुष्ट हैं, तो कथित तौर पर वह क्षेत्र सहित अन्य मुद्दों पर समझौता करने को तैयार हैं।

पुतिन और ट्रंप ने शुक्रवार को अलास्का के अमेरिकी शहर एंकोरेज में अपनी बातचीत पूरी की, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। लगभग तीन घंटे तक चली बातचीत मुख्य रूप से यूक्रेन संकट पर केंद्रित रही। इसके अलावा हाल के वर्षों में काफी हद तक ठप पड़े द्विपक्षीय संबंधों को नया रूप देने पर भी बातचीत हुई।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बादल फटने से 4 लोगों की मौत, कई जगह भारी नुकसान

0

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने कहर बरपाया है। हाल ही में किश्तवाड़ में हुई त्रासदी के बाद अब कठुआ जिले में आज रविवार तड़के बादल फटने की घटना सामने आई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और कई जगहों पर भारी नुकसान की खबर है। जानकारी के मुताबिक,कठुआ जिले के जंगलोट इलाके में रविवार सुबह अचानक बादल फट गया। तेज बारिश और पानी के सैलाब ने आसपास के इलाकों को अपने साथ बहा लिया। इस आपदा में चार लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक, राष्ट्रीय राजमार्ग और कठुआ थाना परिसर को भी नुकसान पहुंचा है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी मिलते ही कठुआ के एसएसपी शोभित सक्सेना से बात की। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जंगलोट इलाके में बादल फटने की सूचना मिलने के बाद मैंने एसएसपी कठुआ शोभित सक्सेना से बात की। इस घटना में 4 लोगों की मौत की सूचना मिली है। इसके अलावा रेलवे ट्रैक और नेशनल हाईवे को नुकसान हुआ है और कठुआ पुलिस स्टेशन भी प्रभावित हुआ है। नागरिक प्रशासन, सेना और अर्धसैनिक बल तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी एक्स पर शोक संदेश जारी किया गया। इसमें कहा गया, “मुख्यमंत्री ने कठुआ जिले के जोध खड्ड और जुथाना सहित कई इलाकों में हुए भूस्खलन और क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस आपदा में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की और सभी आवश्यक सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन को तत्काल राहत, बचाव और निकासी उपाय करने के निर्देश दिए हैं।”

गौरतलब है कि बीते दिनों किश्तवाड़ जिले के चिशोती इलाके में भी बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। वहां गुरुवार को अचानक आई बाढ़ में श्री मचैल यात्रा पर असर पड़ा था। जिस जगह यह घटना हुई, वहां चार पहिया वाहन खड़े थे और कई अस्थायी दुकानें लगी हुई थीं। हादसे के बाद किश्तवाड़ प्रशासन ने मचैल यात्रा को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। मौके पर स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री दो दिवसीय नेपाल के दौरे पर, प्रमुख नेताओं से करेंगे मुलाकात

भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री आज रविवार सुबह नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे। वह यहां 17 और 18 अगस्त को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे रहेंगे। मिस्री आज सुबह 9 बजे (स्थानीय समयानुसार) विशेष भारतीय वायुसेना के विमान से काठमांडू पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय और नेपाल में भारत के राजदूत ने किया।

इससे पहले विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को जारी बयान में कहा था कि यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच उच्चस्तरीय संवाद की परंपरा का हिस्सा है। मंत्रालय ने कहा, “भारत अपनी पड़ोस पहले नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को अत्यधिक महत्व देता है। विदेश सचिव की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने का अवसर होगा।”

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस यात्रा के दौरान बातचीत का मुख्य केंद्र बिंदु भारत-नेपाल साझेदारी को मजबूत करना होगा। इसमें खासतौर पर कनेक्टिविटी, विकास सहयोग और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा होगी। काठमांडू पहुंचने के बाद मिस्री ने सबसे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से बालुवाटार स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। वह नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से भी मुलाकात करेंगे।

इसके अलावा वह वरिष्ठ नेताओं से भी अलग-अलग बैठकें करेंगे, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा तथा सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष पुष्प कमल दाहल शामिल हैं। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच हाल के संबंधों की समीक्षा की जाएगी और भविष्य में सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा होगी।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए बिहार से ‘वोट अधिकार यात्रा’ : पवन खेड़ा

0

नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय स्थित इंदिरा भवन में पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रविवार को बिहार के सासाराम से हमारी ऐतिहासिक वोट अधिकार यात्रा शुरू होने जा रही है। आजाद भारत में सांस लेना इसीलिए संभव है क्‍योंकि वोट देना संभव है।

पवन खेड़ा ने कहा कि अगर हम वोट नहीं दे सकते, तो हम आजाद भारत में आजाद तरीके से सांस भी नहीं ले सकते। यह संघर्ष जो राहुल गांधी जी ने शुरू किया है, यह इसलिए किया है कि आजाद भारत में एक-एक भारतवासी आजादी से सांस ले सके। जिस ढंग से फर्जी तरीके से वोट जोड़ना, फर्जी तरीके से वोट काटना, और भाजपा की चोरी रंगे हाथों पकड़ी गई है, और खासतौर पर बिहार में अगर यह एसआईआर नहीं शुरू किया जाता, तो शायद इतना कुछ सामने भी नहीं आता। अब तो आम लोग भी अपना नाम काटे जाने की बात लेकर सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्थिति यह हो गई कि माननीय सर्वोच्‍च न्‍यायालय को भी हस्‍तक्षेप करना पड़ा और जो हमारी, तमाम लोगों की… इंडिया अलायंस के लोग थे, एक्टिविस्‍ट थे, वोटर रिप्रेजेंटेटिव्स थे, सबकी मांग चुनाव आयोग को माननी पड़ी, लेकिन माननीय सर्वोच्‍च न्‍यायालय के हस्‍तक्षेप के बाद ऐसा हुआ। खेड़ा ने कहा कि षड्यंत्र सिर्फ वोट छीनने का नहीं था, षड्यंत्र हमारी-आपकी पहचान, दलित, वंचित, शोषित, पीड़‍ित, अल्पसंख्‍यक, दिहाड़ी मजदूर, की पहचान छीनने का था। आज आप उनका वोट देने का अधिकार छीनोगे, कल सरकारी योजनाओं में उनकी भागीदारी छीन लोगे।

उन्होंने कहा कि रविवार को शुरू हो रही यात्रा हमें सचेत करने के लिए है। बताने के लिए कि साजि‍श करने वाले बाज नहीं आएंगे, वे वोट चुराने की कोशिश करेंगे, वे वोट छीनने की कोशिश करेंगे, और हमारे और आपके हक छीनने की कोशिश करेंगे। इसलिए सजग रहना प्रत्‍येक नागरिक के साथ ही विपक्ष का बहुत बड़ा कर्तव्‍य है। हमारी यात्रा 17 अगस्‍त को सासाराम से शुरू हो रही है, ‘बिहार की हुंकार’ में पूरा रोडमैप है। यह 16 दिन की यात्रा है, 1,300 किलोमीटर की यात्रा है, जो पटना में 1 सितंबर को एक विशाल रैली में समाप्‍त होगी। यात्रा में राहुल गांधी, तेजस्‍वी यादव और हमारे तमाम अलायंस के पार्टनर्स शामिल होंगे।

पवन खेड़ा ने चुनाव आयोग को निशाने पर लेते हुए कहा कि आयोग इस तथाकथित डबल इंजन का एक डि‍ब्बा बनकर रह जाए, यह स्वीकार्य नहीं होगा। हम इसके खिलाफ पुरजोर संघर्ष कर रहे हैं, करते रहेंगे, और सजग रहेंगे। आप सबसे भी आग्रह है कि इस संघर्ष में इस देश का साथ दीजिए। मैं नहीं कह रहा कांग्रेस का साथ दीजिए या इंडिया अलायंस का साथ दीजिए। मैं कह रहा हूं कि आप इंडिया का साथ दीजिए।

पवन खेड़ा ने आगे कहा कि बिहार के तमाम लोगों से भी हम आग्रह करते हैं कि यह आपके अधिकार की लड़ाई है, आपके अधिकार की यात्रा है, आपके हक की यात्रा है, तो आप सब इसमें शामिल हो जाइए, यह देश के लिए और सभी के लिए अच्छा रहेगा। लोकतंत्र को दिशा देने में बिहार की एक ऐतिहासिक भूमिका रही है, योगदान रहा है। जब भी राहुल जी यात्रा पर निकले हैं, इस देश के लोकतंत्र ने करवट ली है। फिर एक ऐतिहासिक यात्रा शुरू होने वाली है, तो यकीनन लोकतंत्र करवट लेने वाला है। हम सबके अस्तित्व की लड़ाई के लिए यह यात्रा एक मील का पत्थर साबित होगी।

महिंद्रा ने पेश किया Vision T कॉन्सेप्ट SUV: थार परिवार का भविष्य, रग्ड डिज़ाइन और हाई-टेक फीचर्स के साथ

0

महिंद्रा ने स्वतंत्रता दिवस के 79वें अवसर पर आयोजित Freedom NU इवेंट में अपनी नई Vision T Concept SUV को पेश किया। यह मॉडल कंपनी के लोकप्रिय Thar.e कॉन्सेप्ट (2023) पर आधारित है और माना जा रहा है कि यह आने वाले समय में थार परिवार का अगला महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। महिंद्रा ने संकेत दिया है कि इस कॉन्सेप्ट SUV को 2027 तक प्रोडक्शन मॉडल के रूप में लॉन्च किया जा सकता है।
दमदार और लाइफस्टाइल आधारित डिज़ाइन

विज़न T में “T” का अर्थ है Thar, और महिंद्रा ने इस कॉन्सेप्ट में थार की पहचान बनाए रखने पर खास ध्यान दिया है। बॉक्सी स्टांस, फ्लैट बोनट, सिक्स-स्लॉट ग्रिल, चौकोर व्हील आर्च, एक्सपोज़्ड हिंज और टेलगेट पर लगा स्पेयर व्हील इसकी झलकियों को और दमदार बनाते हैं।

साथ ही, इसमें नए और आधुनिक बदलाव भी जोड़े गए हैं। स्प्लिट LED हेडलैम्प, बीच में क्यूब-प्रोजेक्टर और चार DRLs, पीछे चौकोर टेललैम्प, रग्ड बंपर, फ्रंट टो हुक और ऑल-टेरेन टायर इसे खास बनाते हैं। फ्लोटिंग रूफ डिज़ाइन, लगेज-माउंटिंग रैक और टेल लैंप्स में वर्टिकल LED स्ट्रिप्स इसके लाइफस्टाइल अपील को और बढ़ाते हैं।

हाई-टेक और सॉलिड केबिन

महिंद्रा विज़न T का इंटीरियर मजबूती और टेक्नोलॉजी का बेहतरीन मेल है। इसमें मिलेगा:

—मिनिमलिस्टिक डैशबोर्ड

—बड़ा पोर्ट्रेट-ओरिएंटेड टचस्क्रीन

—डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर

—नया तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील

—पैनोरमिक सनरूफ

—फिजिकल स्विचगियर और स्टार्टर बटन

हालांकि यह अभी कॉन्सेप्ट है, लेकिन डिज़ाइन से साफ है कि यह SUV ऑफ-रोडिंग के साथ-साथ मॉडर्न डिजिटल एक्सपीरियंस चाहने वालों के लिए बनी है।

प्लेटफॉर्म और पावरट्रेन की लचीलापन

यह SUV महिंद्रा के नए NU_IQ मोनोकोक प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसका व्हीलबेस 2,665mm है और कंपनी का दावा है कि यह क्लास-बेस्ट स्पेस और 10.3m टर्निंग रेडियस देगा।

—यह प्लेटफॉर्म ICE, हाइब्रिड और EV (इलेक्ट्रिक)—तीनों पावरट्रेन को सपोर्ट करता है।

—EV वर्ज़न में LFP बैटरी पैक मिलने की संभावना है, जो BE 6 और XEV 9e जैसे आने वाले मॉडल्स के साथ साझा होगा।

—SUV में FWD और AWD दोनों कॉन्फ़िग्रेशन उपलब्ध हो सकते हैं।

—ऑफ-रोड क्षमता को ध्यान में रखते हुए इसमें बेहतर ग्राउंड क्लीयरेंस, पेंटा-लिंक रियर सस्पेंशन और क्लास-लीडिंग अप्रोच-डिपार्चर एंगल्स शामिल होंगे।

लॉन्च और भविष्य की योजना

महिंद्रा ने विज़न T के साथ ही Vision S, Vision SXT और Vision X भी पेश किए हैं। ये सभी कॉन्सेप्ट्स थार, स्कॉर्पियो और XUV परिवार के आने वाले मॉडलों की झलक दिखाते हैं।

2027 तक विज़न T का प्रोडक्शन वर्ज़न लॉन्च होने की उम्मीद है। हालांकि तब तक इसमें कुछ बदलाव जरूर किए जाएंगे, लेकिन यह SUV साफ संकेत देती है कि महिंद्रा भविष्य में रग्ड ऑफ-रोड DNA, इलेक्ट्रिफिकेशन और मॉडर्न डिज़ाइन को एक साथ लाने के लिए तैयार है—सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि वैश्विक बाजारों के लिए भी।

सज गई वृंदावन और मथुरा की कुंज गली, बांके बिहारी मंदिर में सिर्फ श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर होती है मंगला आरती

मथुरा । पूरा देश शनिवार को कृष्ण जन्मोत्सव के रंग में रंगा है। इस दिन भक्त पूरा दिन व्रत रखते हैं और रात को भगवान कृष्ण की आरती के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। 16 अगस्त को वृंदावन और मथुरा सहित पूरे भारत में कृष्ण जन्माष्टमी की उमंग दिख रही है। वृंदावन में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है और यहां की जन्माष्टमी बहुत ही खास होती है।

भक्तजन रातभर बांकेबिहारी मंदिर में राधे-राधे और कृष्ण के मंत्रों का जाप करते हुए उनके जन्मदिन को मनाने का इंतजार करते हैं। कैसी होती है वृंदावन और मथुरा की जन्माष्टमी? क्या है इसका इतिहास और क्या है इसका पूरा कार्यक्रम? चलिए जानते हैं।

कृष्ण जन्माष्टमी के दिन जन्मभूमि मथुरा से लेकर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर तक सभी मंदिरों को इस दिन फूलों और लाइटों से सजाया जाता था। इस दौरान सड़कों पर भक्तों की बहुत भीड़ देखने को मिलती है। भक्त भगवान कृष्ण की झांकियां और उनके जीवन से जुड़े नाट्य का मंचन करते हैं। जगह-जगह कीर्तन और गीता के पाठ का भी आयोजन होता है।

कहा जाता है कि मधुबन में भगवान कृष्ण ने गोपियों के साथ नृत्य किया था, वहां जन्माष्टमी की रात को कृष्ण जरूर आते हैं। वहां भी भक्तों की काफी भीड़ रहती है। हालांकि, शाम के बाद वहां पर श्रद्धालुओं के जाने की मनाही है। मधुबन को भी फूलों और रोशनी से सजाया जाता है।

बांके बिहारी मंदिर की मंगला आरती वृंदावन की जन्माष्टमी का मुख्य आकर्षण है। कहा जाता है कि साल में सिर्फ एक बार जन्माष्टमी को ही ये आरती की जाती है। इस साल 16 अगस्त 2025 को बांके बिहारी के दर्शन के लिए मध्यरात्रि को पट खुलेंगे। इसके बाद सुबह-सुबह 3:30 बजे मंगला आरती शुरू होती है और ये 5 बजे तक चलती है। इसके बाद बांके बिहारी जी को भोग लगाया जाता है।

मथुरा में द्वारकाधीश मंदिर और कृष्ण जन्मभूमि आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन जाते हैं। यहां भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिलती है। भक्त दिन भर भगवान कृष्ण के भजन-कीर्तन करते हैं। कृष्ण भक्ति में डूबे लोग खुशी से नाचते-गाते हैं। यहां का नजारा भक्ति और संगीत के अनूठे संगम जैसा होता है।

कृष्ण जन्माष्टमी 2025 मध्य रात्रि कार्यक्रम

रात 11:00 बजे: गणपति और नवग्रह पूजा

रात 11:55: फूलों और तुलसी के साथ सहस्र-अर्चना

रात 11:59: पर्दे खुलते हैं और बांके बिहारी की पहली झलक दिखाई जाती है।

12:00–12:10: प्राकट्य दर्शन और आरती

12:10–12:25: दूध, दही, घी, शहद से महाभिषेक

12:25–12:40: ठाकुर जी का जन्माभिषेक

12:45–12:50 पूर्वाह्न: श्रृंगार आरती

1:55–2:00: शयन आरती

3:30 पूर्वाह्न: मंगला आरती

सुबह 5:00 बजे: भोग लगाया जाता है और दर्शन सुबह 6:00 बजे तक होते हैं।

अमेरिका से दोस्ती महंगी पड़ने के बाद अपने देश का व्यापार व भरोसा किसी एक देश पर केंद्रित न हो तो बेहतर: मायावती

लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। इसके साथ ही केंद्र सरकार को सलाह दी कि अमेरिका से दोस्ती महंगी पड़ने के बाद अपने देश का व्यापार व भरोसा किसी एक देश पर केंद्रित न हो तो यह बेहतर होगा। मायावती ने कहा कि जनहित में ही देशहित निहित व समाहित है और इसीलिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ‘अमेरिका को पुनः महान बनाने की प्रतिज्ञा’ के तहत मनमानी व्यापार टैरिफ नीति जबरदस्ती लागू करने से भारत में भी इसके आर्थिक प्रभाव से देश व जनजीवन को बचाने हेतु सरकार को दावे, वादे, घोषणाएं व संकीर्णता को त्याग कर एकाग्रता एवं एकजुटता के साथ ठोस उपायों पर सही से कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों को देश की लगभग 140 करोड़ की आबादी व खासकर भारत के व्यापार हित की रक्षा के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को बचाने तथा उससे उत्पन्न अफरातफरी के हालात से निकालने के लिए नीतिगत परिवर्तन से आश्वस्त करना जरूरी है। आज स्वतंत्रता दिवस के दिन देश को इसी संदेश का इंतजार है और आगे भी रहेगा। मायावती ने कहा कि वैसे तो देश के करोड़ों बहुजन गरीबों, मजदूरों, किसानों, छोटे व्यापारियों व अन्य सभी मेहनतकश समाज के अथक प्रयासों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत बनी हुई है, लेकिन सरकार की बड़े-बड़े पूंजीपति व धन्नासेठ समर्थक नीति के कारण इन वर्गों के लोगों का जीवन बदहाल है। सरकार को अब गंभीर होकर सुधार के उपाय करने की जरूरत है।

बसपा मुखिया ने कहा कि अमेरिका से भारत की दोस्ती अब काफी महंगी पड़ने के कारण भारतीय व्यापार को किसी एक देश तक सीमित अर्थात् किसी एक देश पर निर्भरता के बजाय दूसरे अन्य देशों और खासकर कम खर्चीले व्यापार को तेजी से बढ़ाने की आवश्यकता पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है। मायावती ने कहा कि इसके लिए भारत सरकार को कृषि की तरह ही अन्य विभिन्न क्षेत्रों में भी आत्मनिर्भरता पर दीर्घकालीन नीति बनाकर कार्य करने की जरूरत है, जिससे देश की अपार श्रम व आईटी सेक्टर की शक्ति को बढ़ावा मिल सकता है और गरीबी व बेरोजगारी आदि की जटिल समस्याओं से मुक्ति भी मिल सकती है।

बसपा प्रमुख ने कहा, “इसके साथ ही, देश का जनहितैषी समग्र व सम्पूर्ण विकास तभी संभव है जब देश हर प्रकार की अव्यवस्था, साम्प्रदायिक, जातिवादी, भाषाई आदि तनाव व हिंसा से मुक्त हो, जिसके प्रति सरकारों की खास जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्यों के बीच बढ़ते हुए टकराव को भी रोकना बहुत जरूरी है।

ग्रेटर नोएडा : छात्राओं ने पेश की ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी

ग्रेटर नोएडा । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने तिरंगा झंडा फहराया। बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भौगोलिक और राजनीतिक रूप से हम लोग स्वतंत्र हो गए हैं, लेकिन अशिक्षा, गरीबी और सामाजिक समरसता व समानता पर और कार्य करने की जरूरत है, तभी हमारा देश विश्व गुरु बन सकता है। आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो सकता है। ध्वजारोहण समारोह में सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रमों से समां बांधा।
सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पहलगाम अटैक के बाद भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर छात्राओं की प्रस्तुति ने सभी को भाव विभोर कर दिया। छात्राओं ने देश पर हुए आतंकी हमलों का उल्लेख करते हुए सेना के शौर्य पर भी प्रस्तुति दी। प्राधिकरणकर्मी की बेटी तितली रानी ने सभी को मेहनत और इमानदारी से कार्य करने की सीख दी। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव और ओएसडी गुंजा सिंह ने ग्रेनो वेस्ट स्थित कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने एसीईओ सुनील कुमार सिंह, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, और एसीईओ प्रेरणा सिंह व अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद ऑडिटोरियम में संबोधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर एसीईओ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के इस देश के उद्यमी हों, किसान हों, या फिर आम नागरिक, सभी देश के विकास के लिए प्रयासरत हैं।

एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि आज का दिन हमारे राष्ट्र प्रेमियों और राष्ट्र नायकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का दिन है। आज का दिन संकल्प लेने का दिन है कि हमारे राष्ट्र नायकों ने जिन सपनों के लिए देश को आजाद कराया है, हम लोग उनको पूरा करें। जाति-पांत के भेदभाव को खत्म करने की जरूरत है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि 1947 तक आजादी की लड़ाइयां लड़ीं, उसी की देन है कि हम स्वतंत्र देश में रह रहे हैं। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों में खुद को ढालना, पर्सनल लाइफ को मोबाइल से दूर रखना और अपने कार्य को औसत से उत्कृष्टता की ओर ले जाने का निरंतर प्रयास करते रहना है। सोशल मीडिया का सदुपयोग करें, दुरुपयोग नहीं।

एसीईओ ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्टाफ से पब्लिक के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाने की अपील की। एसीईओ लक्ष्मी वीएस ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में रहकर कार्य करने का अवसर मिला है। हमें पूरी मेहनत और लगन से अपने दायित्वों का निर्वहकरना चाहिए।। ग्रेटर नोएडा एक मिनी इंडिया की तरह है। देशभर से लोग यहां आकर एक टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं।

गाजियाबाद : निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर दो बाइकों की भिड़ंत, दो की मौत

गाजियाबाद । गाजियाबाद के लोनी के ट्रानिका सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल्ली–देहरादून निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा पावी सादकपुर के सामने हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब 31 वर्षीय रोहित शर्मा बाइक से स्टंट कर रहा था और उसका साथी इस स्टंट का वीडियो बना रहा था। इस दौरान सामने से आ रही बाइक, जिस पर 32 वर्षीय सुबोध और उसका साथी संजय शर्मा सवार थे, से रोहित की बाइक की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही ट्रानिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि डॉक्टरों ने रोहित शर्मा और सुबोध को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संजय शर्मा को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया।