लखनऊ में आज से जुटेंगे देशभर के डाक विभाग के खिलाड़ी,
39वीं अखिल भारतीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आगाज
13 डाक परिमंडलों के करीब 157 खिलाड़ी, मैनेजर और कोच लेंगे हिस्सा; ‘बेस्ट लिफ्टर’, ‘स्ट्रांग मैन’ और ‘डाक श्री’ खिताब के लिए होगा मुकाबला
BP NEWS BHARAT,
लखनऊ। उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल की मेजबानी में 39वीं अखिल भारतीय डाक भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 13 से 16 अक्टूबर तक स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), लखनऊ में किया जाएगा। इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 13 डाक परिमंडलों से करीब 157 खिलाड़ी, मैनेजर और कोच प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग और बेस्ट फिजीक स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी ताकत, कौशल और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस मीट में उत्तर प्रदेश पोस्टल स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के चेयरपर्सन एवं उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल डॉ. अजय सिंह चौहान ने बताया कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आतिथ्य प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि प्रतियोगिता सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और तेलंगाना के डाक परिमंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबलों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मान्यता प्राप्त रेफरी तैनात किए जाएंगे। वहीं, डाक निदेशालय, नई दिल्ली की ओर से श्री रमजान अली को पर्यवेक्षक एवं तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
तीन प्रमुख स्पर्धाओं में होगा मुकाबला
प्रतियोगिता के अंतर्गत भारोत्तोलन और पावर लिफ्टिंग में आठ-आठ भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें 59, 66, 74, 83, 93, 105 और 120 किलोग्राम सहित 120 किलोग्राम से अधिक का वर्ग शामिल है। वहीं, बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता में 55 किलोग्राम तक, 60, 65, 70, 75, 80, 85, 90, 100 तथा 100 किलोग्राम से अधिक के कुल दस भार वर्गों में मुकाबले होंगे।
इसके अतिरिक्त 40 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए वेटरन श्रेणी में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। तीनों प्रमुख स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष खिताब से सम्मानित किया जाएगा। भारोत्तोलन में ‘बेस्ट लिफ्टर’, पावर लिफ्टिंग में ‘स्ट्रांग मैन’ और बेस्ट फिजीक में ‘डाक श्री’ का खिताब दिया जाएगा।
ललित कुमार पटेल की कप्तानी में उतरेगी यूपी की टीम
मेजबान उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल की टीम में राकेश कुमार, नवाब सिंह, ललित कुमार पटेल, श्याम कुमार, प्रदीप कुमार यादव, रत्नाकर वर्मा, अमित कुमार शर्मा, फिरोज यूनुस खान, तुषार गुप्ता, अजीम खान, अभय कुमार और गणेश कुमार शामिल हैं। टीम की कप्तानी ललित कुमार पटेल करेंगे। उल्लेखनीय है कि ललित कुमार पटेल को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खेल जगत के प्रतिष्ठित ‘लक्ष्मण पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा चुका है।
पिछली अखिल भारतीय डाक भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता चेन्नई में आयोजित हुई थी, जिसमें उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए थे। इस बार मेजबान टीम की कोशिश अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर बनाने और अधिक पदक जीतने की होगी।
डॉ. अजय सिंह चौहान ने कहा कि लखनऊ जैसे ऐतिहासिक शहर में देशभर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके प्रवास को यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है।
प्रेस मीट में पोस्टमास्टर जनरल, मुख्यालय परिक्षेत्र लखनऊ श्री सुनील कुमार राय, पोस्टमास्टर जनरल मेल एवं बीडी श्री अशोक कुमार यादव, पोस्टमास्टर जनरल वाराणसी सुश्री पद्मगंधा मिश्रा, पोस्टमास्टर जनरल प्रयागराज श्री राजीव उमराव, पोस्टमास्टर जनरल बरेली श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, निदेशक डाक सेवाएं आगरा परिक्षेत्र श्री शशि कुमार उत्तम तथा निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय) श्री अलेक्सिन जॉर्ज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



