आसीवन में माँ दुर्गा की प्रतिमा का भव्य विसर्जन, गूंजे जय माता दी के जयकारे
BP NEWS BHARAT,
आसीवन (उन्नाव)। शारदीय नवरात्र के समापन पर क्षेत्र में माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का बघवाकोला सई नदी में विधि-विधान के साथ भव्य विसर्जन सम्पन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में ‘जय माता दी’ के जयकारों से भक्तिमय माहौल रहा।

इस वर्ष विसर्जन यात्रा में क्षेत्र की प्रमुख समितियों ने अहम भूमिका निभाई। श्री बरौंगन माता युवा सेवा समिति (आसीवन पश्चिम) के अध्यक्ष पवन सिंह, श्री दुर्गा माता सेवा समिति (लोकमन) के धीरज प्रजापति, लोकमन द्वितीय मूर्ति के आयोजक सुनील गुप्ता तथा कादिलपुर-पहाड़मति माता सेवा समिति के कन्हैया लाल जायसवाल व दुर्गा जायसवाल के नेतृत्व में यात्रा भव्य और सुव्यवस्थित रही।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने भी भाग लिया। भाजपा के जिला सहसंयोजक सौरभ तिवारी ने माँ के दरबार में मत्था टेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। समाजवादी पार्टी के युवा नेता हासिम खान ने भक्तों का स्वागत किया। वहीं ग्राम प्रधान आसीवन पश्चिम रिजवान अहमद कुरैशी ने श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप केला और शीतल जल वितरित किया।
विशाल आयोजन को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने में आसीवन पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा। सौरभ तिवारी ने थानाध्यक्ष आसीवन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों पर गर्व है।



