साईं महासमाधि दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बरेली के श्यामगंज में विशाल भंडारा
मुख्य यजमान ने कराया साईं नाथ का महाभिषेक, मंत्री और विधायकों सहित जुटे हजारों श्रद्धालु
BP NEWS BHARAT,
बरेली। श्री शिरडी साईं-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर श्यामगंज में मंगलवार को साईं बाबा के महासमाधि (परिनिर्वाण) दिवस के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठानों और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। सुबह की कांकड़ आरती के साथ शुरू हुआ आराधना का सिलसिला देर शाम तक अनवरत चलता रहा। शहरभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाया और महाप्रसाद ग्रहण किया।
कांकड़ आरती के साथ हुआ महाभिषेक, गूंजे जयकारे
मंगलवार सुबह शुभ मुहूर्त में कांकड़ आरती के उपरांत विधि-विधान से प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश, मां गायत्री, भगवान दत्तात्रेय और साईं नाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल ने परिवार सहित साईं नाथ का दिव्य महाभिषेक कराया। दूध, दही, शहद, गंगाजल और सुगंधित द्रव्यों से हुए महाभिषेक के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘साईं नाथ महाराज की जय’ और ‘ओम साईं राम’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
1918 में विजयादशमी के दिन ली थी महासमाधि
मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने महासमाधि के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 15 अक्टूबर 1918 को दोपहर 2:30 बजे, विजयादशमी के पावन दिन बाबा साईं नाथ ने नश्वर मानव देह का त्याग कर महासमाधि ली थी। बाबा के त्याग और उनकी लोक कल्याणकारी शिक्षाओं को समर्पित करते हुए मंदिर में प्रतिवर्ष विजयादशमी व महासमाधि दिवस पर विशेष पूजन, वैदिक हवन, महाभिषेक और महाभंडारे की परंपरा निभाई जाती है। मध्याह्न आरती के उपरांत बाबा को छप्पन भोग व विशेष व्यंजनों का नैवेद्य लगाकर भंडारा खोला गया।
11 हजार के फलों का विशेष भोग
इस धार्मिक उत्सव में विशिष्ट सेवा का संकल्प लेते हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजीव पटेल की ओर से बाबा को 11 हजार रुपये के ताजे व दुर्लभ फलों का विशेष महाभोग अर्पित किया गया। भोग लगने के उपरांत इन फलों को प्रसाद स्वरूप भक्तों में वितरित किया गया। मंदिर परिसर को देशी-विदेशी फूलों और भव्य रोशनी से सजाया गया था।
कैबिनेट मंत्री, महापौर और विधायकों ने पाई प्रसादी
मध्याह्न आरती के बाद शुरू हुए भंडारे में समाज के हर वर्ग के लोग एक पंगत में बैठे नजर आए। इस दौरान प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने मंदिर पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लिया और पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
इन प्रमुख गणमान्यजनों और भक्तों का रहा सहयोग
धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में दक्ष शर्मा पाराशर, संजय आयलानी, आकाश चौधरी, सौरभ अग्रवाल, राजीव साहनी, अंकुर कक्कड़ और अंकुर गुप्ता भगबान दास रामबहादुर इन्द्रेश बिसाल अग्रवाल ओम प्रकाश मोनू कामनी हर्षित गुप्ता समेत अनेक सामाजिक व व्यापारिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। मंदिर प्रबंध समिति के स्वयंसेवकों ने सुबह से ही कतारबद्ध दर्शन और भंडारा वितरण की सुगम व्यवस्था संभाली, जिससे देर शाम तक हजारों भक्तों ने सुगमता से प्रसाद पाया।



