पासपोर्ट पहले, अवसर बाद में! लखनऊ से शुरू हुई युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की पहल

पासपोर्ट पहले, अवसर बाद में! लखनऊ से शुरू हुई युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की पहल

 

चार शहरों के पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर विशेष अभियान, 3000 से अधिक पासपोर्ट आवेदनों का हुआ निस्तारण

 

लखनऊ, 10 अक्टूबर। युवाओं को उच्च शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और रोजगार के अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने शनिवार को ‘Passport First, Opportunities Next’ विशेष पासपोर्ट आउटरीच अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के चार शहरों—लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और वाराणसी—स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर विशेष पहल की गई। अभियान के दौरान चारों केंद्रों पर कुल 3000 से अधिक पासपोर्ट आवेदनों का निस्तारण किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समय रहते पासपोर्ट बनवाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि भविष्य में विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने, शोध करने, प्रशिक्षण लेने, शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों में भाग लेने और रोजगार के अवसर हासिल करने के लिए उन्हें अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।

 

अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं, शोधार्थियों और शिक्षकों को पासपोर्ट आवेदन के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस पहल के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि अंतरराष्ट्रीय अवसरों का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखना महत्वपूर्ण है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ की इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को वैश्विक संभावनाओं के लिए तैयार करना है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विदेश में शिक्षा, कौशल विकास, शोध और रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। ऐसे में पासपोर्ट युवाओं के लिए इन अवसरों तक पहुंचने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

 

कार्यालय की ओर से युवाओं से अपील की गई कि वे भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए समय रहते अपना पासपोर्ट बनवाएं। इससे आवश्यकता पड़ने पर आवेदन संबंधी औपचारिकताओं के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और वे उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय अवसरों का लाभ उठाने की दिशा में बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

‘Passport First, Opportunities Next’ अभियान युवाओं को जागरूक करने के साथ ही उन्हें भविष्य की संभावनाओं के लिए तैयार रहने का संदेश देता है। यह पहल शिक्षा, कौशल, रोजगार और वैश्विक सहभागिता के क्षेत्र में युवाओं की आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।