मंडी में जियो टैगिंग बनी आफत, करोड़ों का व्यापार ठप – व्यापारियों ने CM योगी से लगाई गुहार
मंडी में जियो टैगिंग बनी आफत, करोड़ों का व्यापार ठप – व्यापारियों ने CM योगी से लगाई गुहार
BP NEWS BHARAT,
लखनऊ, 2 नवंबर। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा लागू की गई जियो ऐप के माध्यम से वाहन टैगिंग व्यवस्था को लेकर प्रदेशभर के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि 1 जुलाई 2026 से लागू इस व्यवस्था के बाद से ही व्यापारियों को लगातार तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

*अक्टूबर में सबसे ज्यादा परेशानी*
पत्र में बताया गया है कि सबसे गंभीर स्थिति 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के बीच रही। इस दौरान सुबह-शाम ऑनलाइन व्यवस्था बार-बार धीमी या पूरी तरह ठप हो गई। इससे वाहनों की टैगिंग और गेटपास बनने में घंटों की देरी हुई। हरी सब्जी जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पाद समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच सके, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
*17 अगस्त को भी हुआ था करोड़ों का नुकसान*
इससे पहले 17 अगस्त 2026 को सुबह 4 बजे से दोपहर 3 बजे तक पूरी व्यवस्था ठप रहने से प्रदेश में सब्जी, गल्ला, दलहन, तिलहन और किराना व्यापार को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था। गेटपास न बनने से कई जगह किसानों से उपज की खरीद भी नहीं हो पाई थी।
*व्यापारियों की दो मांग*
ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि कृषि उत्पादों का व्यापार समयबद्ध है, इसे बार-बार ठप होने वाली ऑनलाइन व्यवस्था के भरोसे नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि-
1. जियो टैगिंग व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
2. जब तक व्यवस्था है, तब तक इसके ठप होने से किसानों और व्यापारियों को हो रहे नुकसान का संज्ञान लेकर राहत दी जाए।
